रुरुगंज (औरैया)। चौकी क्षेत्र के पुराह नदी के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर दंपति से छह हजार रुपये और सोने के जेवर लूट लिए। दंपति बाइक से शादी समारोह से लौट रहे थे। रात में ही सूचना रुरुगंज चौकी पुलिस को दी गई। चौकी क्षेत्र के साहपुर निवासी इकरार अहमद पुत्र अकील खां व उनकी पत्नी रूही सोमवार देर शाम अपने एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में गए थे।
देर रात बाइक से साहपुर लौट रहे थे। पुराह नदी के आगे दो बाइक सवारों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, उनकी बाइक गिर गई। बदमाशों ने दंपति की बाइक से चाबी निकाल ली और इकरार के तमंचा लगा दिया। इकरार की पत्नी रूही से तीन सोने की अंगूठी, एक जोड़ी झुमकी, व पर्स में रखे छह हजार रुपये छीन लिए। घटना के बाद बदमाश भाग निकले। इकरार ने परिजनों और चौकी पुलिस को सूचना दी। आनन-फानन में परिजन पुराह नदी पहुंचे। पुलिस ने भी पहुंचकर जांच पड़ताल की। चौकी इंचार्ज सुनील कुमार ने बताया कि पीड़ित ने मामले में अब तक तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।