उरई। कोंच के तीतरा खलीलपुर के पास बाइक सवार जेठ व बहू से लूट करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इसके पास से लूटे गए जेवर व एक तमंचा बरामद किया है।
शनिवार को पुलिस लाइन में एसपी अमरेंद्र सिंह ने मामले का खुलासा कर बताया कि आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर एक बाइक में टक्कर मारी और तमंचा लगाकर सोने के जेवरात व नगदी लूट ले गए थे। इसके दो साथी फरार है जिन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बता दें कि रेढ़र थाना क्षेत्र के ग्राम गड़ेरना निवासी उपेंद्र कुमार पुत्र रामस्वरूप रजक दो दिसंबर को अपने छोटे भाई की पत्नी की चौथी लेकर घर आ रहे थे। वह जैसे ही कोंच के तीतरा खलीलपुर गांव के पास पहुंचे तभी पीछे से एक बाइक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा।
पीछे वाली बाइक उतरे तीन युवकों ने बहू को तमंचा लगा दिया और जेवर झुमकी, तीन सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र व 5 हजार रुपये नगद समेत मोबाइल लूट ले गए थे। उपेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जांच शुरू की। जांच में तीन युवकों के नाम सामने आए।
पुलिस ने उन निगाह रखना शुरू की। सबूत मिलने पर पुलिस ने शुक्रवार की शाम कोंच नगर में एक चाय की दुकान से मुखबिर की सूचना पर एक आरोपी पंकज तिवारी पुत्र शशिकांत तिवारी निवासी कुंअरपुरा कोंच को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इसके पास एक अवैध तमंचा व तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए। साथ ही उसकी निशानदेही पर लूट के जेवरात व नगदी भी बरामद कर ली।
पुलिस लाइन में खुलासा करते हुए एसपी ने बताया कि इस वारदात को अंजाम देने में पंकज के साथ सतेंद्र उर्फ सच्चू तिवारी व राहुल यादव भी थे। इसमें राहुल की बाइक का इस्तेमाल किया गया। इन लोगों ने सुनसान इलाके में उपेंद्र की बाइक को टक्कर मार दी और तमंचा लगाकर लूट को अंजाम दिया।
लूट का पूरा माल पंकज के पास ही रखा था। इसके दोनों साथी सतेंद्र व राहुल फरार चल रहे है, जिनकी तलाश की जा रही है। इस दौरान एएसपी सुरेंद्र नाथ तिवारी व सीओ कोंच रुकमणि वर्मा मौजूद रही। पुलिस ने पंकज के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में कोंच इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह, एसएसआई मनोज कुमार सिंह, एसआई राजकुमार सिंह, एसआई केदार सिंह, हेड कांस्टेबल मो. आजाद, सिपाही श्याम सुंदर व प्रदीप पाल शामिल रहे। एसपी ने पुलिस टीम को दस हजार रुपये पुरस्कार दिए जाने की भी घोषणा की।
लूट के जेवरात व तमंचा बरामद, दो साथी अब भी फरार
अमर उजाला ब्यूरो