अमर उजाला ब्यूरो
कोंच। शादी से पहले दो माह तक साथ रहे युवक युवती के बीच किसी बात को लेकर इस कदर मनमुटाव हुआ कि मामला कोतवाली तक पहुंच गया। घंटों पुलिस और परिजनों के बीच दोनों की पंचायत भी चली आखिर में दोनों के परिवार वालों ने रिश्ता तोड़ना ही ठीक समझा। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है, इसलिए अब तक कोई कार्रवाई भी नहीं की गई है।
पुलिस ने बताया कि कस्बा निवासी दो परिवारों के बीच युवक युवती के रिश्ता करीब एक साल पूर्व तय हुआ था। इस बीच युवक को किसी काम से पूना जाना पड़ा तो युवती भी उसके साथ चली गई। दो माह तक दोनों साथ रहे फिर उनमें किसी बात को लेकर अनबन हो गई तो युवती घर लौट आई। शुक्रवार को लड़की वालों की शिकायत पर लड़के और उसके परिजनों दोनों को कोतवाली बुलाया गया और घंटों पंचायत भी हुई।
युवती कोतवाली में भी युवक पर बरसती रही लेकिन दोनों में से कोई नाराजगी की असली वजह नहीं बता रहा था। आखिर में दोनों ही परिवारों की सहमति से कोतवाली में ही रिश्ता तोड़ दिया गया। कोतवाल सत्यदेव सिंह का कहना है कि हो सकता है कि दोनों परिवारों के बीच किसी तरह के दहेज का लेनदेन न हुआ हो, इस कारण ही तहरीर भी न दी गई हो।
-पूना में हुआ लड़का-लड़की के बीच मनमुटाव
-कोतवाली में चलती रही दोनों पक्षों में पंचायत