औरैया। सदर कोतवाली पहुंची एक विवाहिता ने पुलिस को तहरीर देकर अपने पति समेत आठ ससुरालीजनों पर मामला दर्ज कराए जाने की गुहार लगाई है। तहरीर में पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके ससुरालीजनों ने दहेज की मांग पूरी न कर पाने के चलते उसकी मासूम बच्ची भी उससे छीन ली है। साथ ही समझाने आए पिता के साथ भी मारपीट की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इटावा जिले के थाना बकेवर क्षेत्र के ग्राम पेवली निवासी प्रियंका पुत्री यादराम ने शनिवार को कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसकी शादी गत 16 नवंबर 2017 को कोतवाली क्षेत्र के ग्राम राहतपुर निवासी विवेक कुमार निषाद पुत्र सोबरन सिंह के साथ हुई थी। ससुरालीजनों द्वारा दहेज में चार पहिया गाड़ी की मांग की जा रही थी। जिस पर उसके मायके वालों ने मांग पूरी करने में असमर्थता जताई।
इसी बात को लेकर उसके पति, ससुर, सास, जेठ, जेठानी व ननदों द्वारा आए दिन उसे शारीरिक व मानसिक रुप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। शनिवार को दोपहर लगभग एक बजे उसके ससुरालीजनों ने उसकी डेढ़ साल की पुत्री दीक्षा को उससे छीन लिया। इसकी जानकारी मिलते ही उसके पिता यादराम जब उन्हें समझाने पहुंचे। तो उक्त लोगों ने उसे व उसके पिता को मारपीट कर घर से भगा दिया तथा पुत्री को उससे छीन लिया। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को मामला दर्ज कर उसकी मासूम पुत्री को दिलाए जाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पिता के साथ भी मारपीट करने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो