औरैया। नगर पालिका की प्रदर्शनी में ठेका आवंटन के नाम पर राजस्व को बड़े पैमाने पर क्षति पहुंचाने का मामला प्रकाश में आया है। एक ठेकेदार ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को शिकायती पत्र देकर जांच कराने की मांग की है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने अधिशासी अधिकारी को चार दिन के अंदर जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
शहर के ग्राम आनेपुर निवासी व ठेकेदार अमर सिंह ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुपम शुक्ला को तहसील सभागार में दिए शिकायती पत्र में कहा है कि नगर पालिका के द्वारा लगाई जाने वाली शरदोत्सव प्रदर्शनी में प्रतिवर्ष राजस्व का नुकसान हो रहा है। वर्ष 2018 का ठेका 23 लाख रुपये में दिया गया था। नगर पालिका ने सिर्फ एक लाख 45 हजार का ही राजस्व जमा किया। शेष पैसा पालिका प्रशासन के जिम्मेदार लोगों ने हजम कर लिया। वर्ष 2019 की प्रदर्शनी का ठेका बिना अनुमति के चुपचाप 28 लाख रुपये में दे दिया गया। इसके लिए प्रमुख समाचार पत्रो में विज्ञप्ति जारी नहीं की गई। इस वर्ष भी सरकारी धन के दुरुपयोग से इंकार नहीं किया जा सकता। सिर्फ दो लाख रुपये की रसीद काटी गई है। ठेकेदार ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से प्रदर्शनी में ठेके के नाम पर की जा रही धांधली रुकवाने तथा जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने अधिशासी अधिकारी को चार दिन के अंदर प्रकरण की रिपोर्ट कार्यालय को सौंपने के निर्देश दिए हैं। इस कार्रवाई से पालिका प्रशासन में हड़कंप मचा है।
प्रदर्शनी के ठेका आवंटन में राजस्व को चूना
एक ठेकेदार ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को शिकायती पत्र देकर की जांच की मांग, अधिशासी अधिकारी को चार दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश