अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। दहेज में तीन लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को पीटकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने रविवार को महिला थाने में घटना की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव लुहियापुर निवासी रोशनी ने महिला थाने में दी तहरीर में बताया कि उसके पिता ने उसकी शादी 2015 में औरैया क्षेत्र के पातेपुर निवासी जगतपाल के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज तीन लाख रुपये व वाशिंग मशीन के लिए प्रताड़ित करने लगे। मायके वालों ने असमर्थता जताई तो ससुराल वालों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
कई बार मायके वालों व रिश्तेदारों ने समझाया भी लेकिन ससुराल वाले नहीं माने। कुछ दिनों पहले मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पति जगतपाल, ससुर शिशुपाल, सास पुष्पा देवी, जेठ शिवपाल, जेठानी राखी, देवर निक्की के खिलाफ दहेज एक्ट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। महिला थानाध्यक्ष दीपा सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।