अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। अछल्दा क्षेत्र के गांव रामपुर वोडेपुर निवासी एक युवक से एटीएम नंबर व आधार नंबर पूछकर खाते से 49 हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित ने अज्ञात युवक के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रामपुर वोडेपुर निवासी मो. यूसुफ पुत्र अब्दुल हाफिज ने थाने में दी तहरीर में बताया कि शनिवार को उसके मोबाइल पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर एटीएम बंद करने की बात कही। घबराकर उसने एटीएम नंबर व आधार कार्ड का नंबर बता दिया।
आरोप है कि इसके बाद उसके खाते से 49 हजार रुपये निकाल लिये। जब उसे पता चला तो उसने उसी नंबर पर फोन किया तो उसने गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। उसने बैंक जाकर पता किया तो आनलाइन से उसके खाते से रुपये निकल गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर अज्ञात युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।