कदौरा। कुआंखेड़ा गांव में करंट से झुलसे युवक की मौत पर शुक्रवार को जाम लगाए परिजनों ने देर रात एसडीएम के आर्थिक मदद दिलाए जाने के आश्वासन के बाद जाम खोला।
ज्ञात हो कि 2 जून को कदौरा थाना क्षेत्र का कुआंखेड़ा निवासी प्रमोद कुमार हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलस गया था। शुक्रवार को उसकी झांसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। शव गांव पहुंचते ही परिजन व ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। उन्होंने नेशनल हाईवे पर शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
देखते ही देखते सैकड़ों वाहनों की लंबी कतारें लग गईं थीं। सूचना पाकर कालपी एसडीएम सतीश चंद्र व सीओ सुबोध गौतम पहुंचे। मगर गांव वाले बिना मुआवजा जाम खोलने को तैयार नहीं थे। देर रात एसडीएम ने परिजनों को एक सप्ताह के अंदर पांच लाख रुपये आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर ग्रामीणों ने जाम खोला और यातायात बहाल हो सका।
करंट से युवक की मौत पर जाम लगाने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो