अयाना। चिटफंड कंपनी के संचालक व जिला पंचायत सदस्य के पति को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया है। पुलिस की जांच में घोटाले के आरोपी के यूनीमैक्स कंपनी में जमा कराए गए ग्राहकों के पैसे से ततारपुर में 40 बीघा जमीन खरीदे जाने का मामला भी सामने आया है। अयाना थाने के प्रभारी निरीक्षक ने पीड़ित को सभी तथ्यों की जांच किए जाने का भरोसा दिया है।
अयाना थाना क्षेत्र के ग्राम इकबालपुर निवासी सुभाष पुत्र गोरेलाल ने लगभग दो माह पहले अपने गांव के राजबहादुर पुत्र पुत्तीलाल के खिलाफ यूनीमैक्स कंपनी में जमा पैसों को वापस न करने व कंपनी के फ्रॉड कर भाग जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। एसपी त्रिवेणी सिंह को दी गई तहरीर पर पुलिस ने कंपनी के एजेंट राजनरायन को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया था। कंपनी संचालक के रूप में राकेश पुत्र मोतीलाल को शुक्रवार की शाम को गिरफ्तार कर लिया गया। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी को शनिवार को जेल भेज दिया।
अयाना थाने के प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता ने बताया कि बबाइन चौकी प्रभारी ओपी बघेल ने राकेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी से पूछताछ में कई तथ्य सामने आए हैं। इनमें ततारपुर में 40 बीघा जमीन खरीदना भी है। पुलिस को अभी कंपनी के मुख्य आरोपी बताए जा रहे लाल सिंह निवासी फतेहपुर की जोरशोर से तलाश है। वहीं बबाइन चौकी प्रभारी ओपी बघेल ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी ओर से कंपनी में 2011 से 2014 तक लगभग एक हजार लोगों से दो करोड़ रुपये की धनराशि जमा कराई गई थी। कंपनी संचालकों की ओर से कंपनी के भागने की बात कहकर ग्राहकों का करोड़ों रुपये हड़प कर लिया गया था। अभी जांच चल रही है।
चिटफंड के घोटाले में संचालक को भेजा जेल
यूनीमैक्स कंपनी में जमा कराए ग्राहकों के रुपये वापस न करने पर दर्ज कराया गया था केस