अमर उजाला ब्यूरो
उरई। कुठौंद के शहजादेपुर गांव में एक महिला की संदिग्ध हालात में जलकर मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर जलाकर मारने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की है।
कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम शहजादेपुर निवासी ज्ञानवती (55) पत्नी जगराम गुरुवार सुबह घर में जरूरी कामकाज निपटा रही थी। अचानक वह आग की चपेट में आ गई। उसकी चीख सुनकर घर में मौजूद परिजन दौड़ कर। ज्ञानवती को आग की लपटों के बीच देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ज्ञानवती काफी हद तक जल चुकी थी।
परिजन आनन फानन में उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही ज्ञानवती की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने भी मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों ने बताया कि ज्ञानवती गैस चूल्हे में खाना बना रही थी कि तभी उसकी साड़ी में आग लग गई।
जानकारी पाकर पहुंचे ज्ञानवती के पिता रघुराज निवासी निवहना थाना सिरसाकलार ने ससुरालियों पर बेटी को जलाकर मार डालने का आरोप लगाया। उन्होंने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।