उरई। शहर के एसबीआई सिटी ब्रांच से एक छात्रा के खाते से फर्जी तरीके से रुपये निकाल लिए गए। छात्रा ने शाखा प्रबंधक से शिकायत की तो छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार कर चलता कर दिया। छात्रा ने कोतवाली में खाते से रुपये निकलने व प्रबंधक के अभद्रता करने की तहरीर दी है। शहर इंस्पेक्टर देवेंद्र द्विवेदी का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
शहर के मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी छात्रा दीपिका वर्मा ने बताया कि शहर के राठ रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक की सिटी ब्रांच में उसका खाता है। उसने बीटीसी के लिए 41 हजार का ड्राफ्ट बनवाया था, जो जमा न हो पाने कारण 17 नवंबर 2016 को निरस्त कराकर खाते में जमा कर दिया गया। इसके बाद वह पं. परशुराम द्विवेदी महाविद्यालय में बीएड करने चली गई, जिससे वह बैंक न जा पाई।
उसकी मां ने जून में पासबुक प्रिंट कराकर घर में रख ली। वह जब रविवार को उरई लौटी तो उसने पासबुक देखी। जिसमें 28 मार्च 2017 को 20 हजार, 29 मार्च 2017 को 20 हजार और 2300 रुपये की निकासी हुई है। यह देखकर वह भौचक रह गई। साथ ही पासबुक में अमित प्रजापति पुत्र भिखारीलाल ठेकेदार का नाम छपा है। जब वह रविवार को शाखा प्रबंधक के पास गई तो प्रबंधक ने उसके साथ अभद्र व्यवहार कर किसी बात का जवाब दिए बिना ही उसे चलता कर दिया।
दीपिका ने बताया कि उसकी मां अनपढ़ है, जिसका फायदा उठाकर बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से उसके खाते से रुपये निकाला गया है। दीपिका ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही गुहार लगाई है कि उसके रुपये वापस दिला दिए जाए, जिससे वह विद्यालय में अपनी फीस जमा कर सकें। इंस्पेक्टर ने उसे जांच के बाद कार्रवाई की आश्वासन दिया है।
-शहर की एसबीआई सिटी ब्रांच का मामला
-फर्जी तरीके से निकाले गए खाते से रुपये, दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो