अमर उजाला ब्यूरो
अछल्दा (औरैया)। दहेज की मांग पूरी न होने पर पर पति ने पत्नी को पीटकर घर से निकाल दिया। पीड़ित महिला ने थाने जाकर तहरीर दी। पुलिस ने ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अछल्दा थानाक्षेत्र के बहारपुरा रोड नेविलगंज निवासी मालती पत्नी श्रीचंद्र ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसके पिता ने उसकी शादी इटावा के अड़पुरा चौबिया निवासी सतेंद्र कुमार पुत्र रूप लाल से सामर्थ्य के अनुसार की थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज में एक लाख रुपये, एक भैंस व एक सोने की जंजीर की मांग करने लगे।
इस पर मालती ने यह बात मायके में बताई तो उन्होंने दहेज दे पाने में असमर्थता जताई। जब उसने यह बात ससुरालियों को बताया तो ससुराली उसे रोज मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे। 27 अक्तूबर जब उसने विरोध किया तो उसके पति सतेंद्र ने उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। जिसके बाद वह अपने घर मायके चली आई।
इसके बाद कई प्रयास हुए मगर ससुराली नही मानें। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति सतेंद्र, सास मीना देवी, जेठ मुनीम बाबा, जेठ वीरेंद्र सिंह, ननद पूजा, नंदोई संदेश कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।