औरैया। मोहल्ला मदार दरवाजा में तीन दिन पहले महिला से लूटकर भागने वाले बाइकर्स गैंग के दो लुटेरों को स्वॉट व पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने एक सोने की चेन, दो अंगूठी, मोबाइल व बाइक बरामद की है। इन अंतर्जनपदीय लुटेरों के तीसरे साथी की पुलिस सक्रियता से तलाश करने में जुट गई है।
सदर कोतवाली में एएसपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि 26 मई की दोपहर मोहल्ला मदार दरवाजा निवासी शशी पोरवाल पत्नी राजकुमार पोरवाल से बाइक सवार तीन लुटेरों ने सोने की चेन व नाक की लौंग छीनी थी। स्वॉट टीम प्रभारी निरीक्षक तारिख खां, एसआई जितेंद्र सिंह व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार दुबे के नेतृत्व में बुधवार को पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जबकि एक आरोपी मौके से भागने में सफल रहा। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम नीतेश उर्फ इलू पुत्र प्रेमचंद्र निवासी कुम्हारन मोहल्ला लखना जिला इटावा, गणेश पुत्र रामकुमार निवासी कछियान मोहल्ला लखना जिला इटावा बताए। शुभम पुत्र ब्रजेश कुमार निवासी कछियान मोहल्ला लखना भागने में सफल रहा। एएसपी ने बताया कि इनके पास से पुलिस ने एक सोने की चेन, दो अंगूठी, एक मोबाइल फोन, एक सफेद रंग की अपाचे बाइक बरामद की। इनके खिलाफ औरैया जिले के अजीतमल व दिबियापुर थाने में भी मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। तीसरे की पुलिस को सरगर्मी से तलाश है। पीड़िता की ओर से भी शिनाख्त में उन लुटेरों के ही होने की बात कही गई है।