औरैया। मोहल्ला मदार दरवाजा में रविवार को दिनदहाड़े बाइक सवार लुटेरे तमंचे के बल पर एक महिला से सोने की चेन व नाक की कील लूटकर भाग गए। पीड़ित महिला ने यूपी 100 पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस वारदात के लगभग एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। इससे वहां मौजूद लोगों में खासी नाराजगी रही।
मोहल्ला मदार दरवाजा निवासी शशी पोरवाल पत्नी राजकुमार रविवार को दोपहर करीब 12 बजे दिबियापुर रोड स्थित दुकान पर पति को खाना देकर घर लौट रही थी। वह घर से पांच कदम की दूरी पर थी, तभी बाइक सवार तीन लुटेरों में से एक ने उनके गले में पड़ी सोने की चेन पर झपट्टा मारकर लूट लिया। शशी पोरवाल ने बताया कि उन्होंने शोर मचाने का प्रयास किया तो बाइक सवार दूसरे लुटेरे ने तमंचा लगा दिया। इस दौरान लुटेरे उनकी नाक की सोने की कील भी लूट ले गए। लूटने के बाद लुटेरे पक्का तालाब की ओर भाग निकले। यूपी 100 पुलिस को जानकारी दी गई, लेकिन पुलिस लगभग एक घंटे बाद पहुंची। पीड़ित की ओर से कोतवाली पुलिस को घटना की तहरीर दी गई है।
उधर, शहर में बाइकर्स गैंग की धमाचौकड़ी ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। बीते 12 दिन में यह लूट की तीसरी घटना थी। इसके पहले 17 मई को बाइक सवार चार लुटेरों ने जालौन चौराहे पर एक टूरिस्ट बस के कंडक्टर की चेन व रुपये लूटने की घटना को अंजाम दिया था। 21 मई को योगा सीखकर घर जा रही महिला की तिलक नगर से चेन लूटकर भाग गए थे। इन घटनाओं का कोतवाली पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है।
-----