अमर उजाला ब्यूरो
कदौरा (जालौन)। बागी गांव में एक विवादित जमीन पर कब्जा कर पार्टी का सम्मेलन करने वाले लोगों को पुलिस ने हिदायत दी है। इनको 48 घंटे में जमीन कब्जा मुक्त करने की मोहलत दी है।
बागी गांव की प्रधान अर्चना तिवारी ने गांव की एक विवादित जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत प्रशासन से की थी। एसडीएम ने राजस्व टीम व पुलिस के साथ पहुंचकर कब्जा हटवा दिया था। एक दिन बाद फिर से गांव के प्रतीक उर्फ राजा पांडे व सीमांत उर्फ रावी पांडे ने तार लगाकर कब्जा कर लिया। वे इस पर पार्टी का सम्मेलन करना चाहते थे।
प्रधान ने दोबारा इसकी शिकायत एसडीएम सतीश चंद्र से की। इस पर बुधवार को थाना प्रभारी प्रमोद सिंह ने फोर्स के साथ गांव पहुंच कर इनको चेतावनी दी और तार हटवाए। कब्जा करने वालों को बिना अनुमति सम्मेलन करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी और 48 घंटे में जमीन को कब्जा मुक्त किए जाने की मोहलत दी। उन्होंने कहा कि दी गई समय सीमा के बाद भी अगर सामान नहीं हटाया गया तो उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-बागी में पार्टी का सम्मेलन कर रहे थे कुछ राजनीतिक लोग