फफूंद (औरैया)। नवविवाहिता की हत्या कर शव नहर किनारे फेंककर फरार नामजद पांच हत्यारोपी में शामिल मृतका की सास को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले पुलिस हत्यारोपी पति, ननद व ननदोई को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जेठ अभी फरार है।
फफूंद थाना क्षेत्र के दिबियापुर-अछल्दा नहर पटरी के किनारे 22 मार्च को एक नवविवाहिता का शव मिला था, जिसकी पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया था। 23 मार्च को सूचना मिलने पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे श्यामबाबू पुत्र छंगी निवासी गांव गिगराह कोतवाली कन्नौज ने उसकी पहचान अपनी पुत्री सरिता (30) के रूप में की थी।
पिता श्यामबाबू द्वारा पुत्री के ससुराल वालों निवासी गांव औंतो पर एक लाख की मांग को लेकर पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पांच लोगों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। तभी से ससुराल वाले फरार थे। पुलिस ने कुछ दिन पहले मुखबिर की सूचना पर कस्बे के अछल्दा चौराहे पर भागने की फिराक में खड़े हत्यारोपी पति उमेश पुत्र पन्नालाल निवासी ग्राम औंतों, ननद नीतू पत्नी देवेंद्र व ननदोई देवेंद्र उर्फ गोरेलाल पुत्र संतराम निवासी बरुआ कोतवाली बिधूना को गिरफ्तार कर लिया था।
दो आरोपी सास रेशमा देवी व जेठ मनोज फरार चल रहे थे। पुलिस ने शनिवार को सुबह कन्नौ नहर पुल के पास से सास रेशमा देवी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।