अयाना (औरैया)। बीहड़ में बसे गांव ऐमा सेंगनपुर में बुधवार की रात महिला की हत्या में उसके पुत्र ने पिता के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवक का कहना है कि पिता मां के चाल-चलन पर शक करता था और इसी बात पर कई बार झगड़ा हो चुका है। घटना के वक्त वह अपने छोटे भाई के साथ पड़ोस में था। पिता ने सोते समय मां की हत्या कर दी। पिता को हत्या के बाद भागते हुए उसने, छोटे भाई और पड़ोसी ने देखा। थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें बनाई हैं।
ऐमा सेंगनपुर में मुन्नी बेगम (40) मायके में ही घर बनाकर 20 साल से रह रही थी। मुन्नी बेगम की ससुराल एटा जनपद में है। पति शमशेर खान पुत्र चुन्ने खान एटा में जमीन बेचकर पत्नी और बच्चों के साथ यहीं आ गया था। बुधवार की रात शमशेर ने घर में चारपाई पर सो रही मुन्नी बेगम की चाकू से गोदकर हत्या कर दी और भाग निकला। मुन्नी के बड़े पुत्र उमर ने थाना पुलिस को बताया कि बुधवार की रात वह अपने छोटे भाई ताबिज के साथ पड़ोस में आईपीएल का मैच देख रहा था कि तभी पिता ने मां की सोते समय चाकू से हत्या कर दी। मां के चीखने पर वे लोग घर की ओर भागे तो देखा कि पिता वहां से भाग रहा है और मां का लहूलुहान शव वहीं पड़ा है। उमर ने बताया कि पिता मां के चाल चलन पर शक करता था। इस बात को लेकर रोज उसके घर में झगड़ा होता था। कई बार उसने बीच बचाव कराया था। उमर ने थाने में पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। देर रात पुलिस कप्तान हरीश चंदर, अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम अजीतमल रामजीवन, सीओ अजीतमल कमलेश नारायण और फोरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल की। अयाना थानाध्यक्ष बृजेश भार्गव ने बताया कि पुत्र की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी के आदेश पर पांच टीमों का गठन कर हत्यारोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दंपति के चार बच्चे हैं। बड़ा पुत्र मो. उमर (20), मुजनबी (18), बिलाल (15), व ताबिज (08)। शमशेर एटा जनपद से अपनी जमीन बेचकर 20 साल पहले अपनी ससुराल ऐमा सेंगनपुर थाना अयाना आकर परिवार के साथ मकान बनाकर रहने लगा था। शमशेर मेहनत-मजदूरी करता है। परिवार बेहद गरीब और अशिक्षित है। पड़ोसी नसीरुद्दीन पुत्र मजबूत खां ने बताया कि घटना के वक्त शमशेर का बड़ा पुत्र उमर और छोटा ताबिज उसके घर पर ही मौजूद थे। मुन्नी की चीख सुनने पर वे वहां भाग कर पहुंचे तो शमशेर मौके से भाग रहा था। नसीरुद्दीन ने भी उमर की बात पर पुष्टि करते हुए बताया कि शमशेर शक्की मिजाज का व्यक्ति है। वह मुन्नी पर शक किया करता था।