औरैया के पाता क्षेत्र के गांव चढ़रउआ में पल्सर से आए टप्पेबाजों ने एक घर में केमिकल से बर्तन साफ करने के बाद महिला से जेवर साफ कराने के लिए कहा। इस पर महिला ने जेवर साफ करने के लिए दे दिया। इस बीच टप्पेबाजों ने महिला से पानी मांगा। पानी लेकर आने पर एक डिब्बा थमाते हुए गर्म कर लाने को कहा, साथ ही यह भी कहा कि उसके जेवर इसी डिब्बे में हैं। महिला ने अंदर जाकर देखा तो डिब्बा खाली था।
महिला तुरंत बाहर आई, तब तक दोनों टप्पेबाज भाग गए थे। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने पीछा कर रेलवे फाटक पर एक को दबोच लिया। उसका दूसरा साथी बाइक से जेवर लेकर भाग गया। बाद में पकड़े गए टप्पेबाज को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पीड़ित महिला के पति ने थाने में तहरीर दी है। गांव चढ़रउआ निवासी ममता अवस्थी पत्नी ब्रजेश अवस्थी शनिवार को सुबह अपनी पुत्री के साथ घर पर अकेली थी।
तभी लाल पल्सर बाइक पर सवार दो युवक आए और घर के पुराने बर्तन केमिकल से साफ कराने के लिए कहा। इस पर ममता ने घर में रखे तांबे के बर्तन सफाई करने के लिए दिया। बर्तन चमकाने के बाद उन दोनों ने जेवर साफ कराने के लिए कहा। इस पर महिला ने सोने के कान के बाले, टॉप्स और झाले दे दिए। इस बीच टप्पेबाजों ने उनसे पीने के लिए पानी मांगा।
वह घर के अंदर से पानी लेकर आईं, तब तक टप्पेबाजों ने जेवर गायब कर उन्हें एक डिब्बा पकड़ा कर गैस पर गर्म करने को दिया। वह अंदर गई और डिब्बे को खोलकर देखा तो वह खाली था। इस पर वह तुरंत बाहर आईं, तब तक बाइक सवार दोनों टप्पेबाज जा चुके थे। महिला के शोर मचाने पर गांव वालों ने पीछा किया। ग्रामीणों को आता देख पल्सर सवार चढ़रउआ रेलवे क्रॉसिंग की ओर भागे। रेलवे फाटक बंद होने से आगे नहीं जा सके और ग्रामीणों ने एक टप्पेबाज को धर दबोचा।
उसका दूसरा साथी बाइक और जेवर सहित भाग निकला। पकड़े गए टप्पेबाज ने ग्रामीणों के पूछने पर उसने अपना नाम जय हिंद गुप्ता निवासी गांव सोंडिया थाना पसराया जिला खगरिया बिहार बताया। फरार साथी का नाम लालो शाह निवासी गांव बचरहट्टा थाना महेशपुर जिला खगरिया बिहार बताया। ग्रामीणों ने पल्सर का नंबर रजिस्ट्रेशन एप्प पर देखा तो वह नंबर भी दूसरी गाड़ी का मिला। सूचना मिलने पर डायल-100 पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए टप्पेबाज को थाने ले गई। पीड़ित महिला के पति ने थाने में तहरीर दी है।