अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। कोतवाली क्षेत्र के पढ़ीन दरवाजा मोहल्ला में गुरुवार को प्लॉट देखने गए दो युवकों को पुरानी रंजिश में दबंगों ने ईंट-पत्थर मारकर लहूलुहान कर दिया और दस हजार रुपये छीन लिए। दोनों को गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया गया है। पीड़ितों ने कोतवाली में मामले की तहरीर दी है।
शहर के पढ़ीन दरवाजा निवासी अमित अपने साथी सोना खन्ना के साथ दिबियापुर तिराहे के पास प्लॉट देखने गए थे। उसी दौरान कुछ लोग आए और पुरानी रंजिश में अमित से गालीगलौज शुरू कर दी। जब उसने विरोध किया तो दबंगों ने मारपीट करते हुए ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। बीच-बचाव करने आए साथी सोना खन्ना को भी दबंगों ने मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। दोनों को को गंभीर चोंटे आई हैं। मारपीट करने के बाद दबंगों ने युवकों की जेब में रखे दस हजार रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची यूपी-100 पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद अमित को सैफई रेफर कर दिया है। कोतवाली प्रभारी पवन पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच चल रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- रंजिश में दबंगों ने दो युवकों को किया लहूलुहान
- मारपीट करने के बाद दबंगों ने दस हजार रुपये छीने
- पीड़ितों ने कोतवाली में दी तहरीर