फफूंद (औरैया)। थाना क्षेत्र की पाता चौकी के कनहो पुल पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक अपराधी को उसके भाई समेत अवैध रायफल, रिवाल्वर व कारतूसों सहित दबोच लिया। पकड़े गए अपराधी पर कई संगीन मुकदमे चल रहे हैं।
बुधवार की देर शाम फफूंद प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह, पाता चौकी इंचार्ज अरविंद कुमार सिंह, एसआई अमित राठौर व पुलिस फोर्स के साथ पाता के कनहो पुल पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुल की ओर आ रहे दो युवक पुलिस को देख अंधेरे की ओर भागने लगे। युवकों को भागता देख पुलिस फोर्स को शक हुआ। इनको मशक्कत के बाद पुलिस फोर्स ने पकड़ लिया। पकड़े गए दोनों युवकों के पास से पुलिस ने एक रायफल 315 बोर व एक रिवाल्वर और 315 बोर के 4 व रिवाल्वर के 4 जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस को पूछताछ के दौरान एक युवक ने अपना नाम जगपाल उर्फ मनीष पुत्र स्वर्गीय सरनाम सिंह व दूसरे युवक ने अपना नाम प्रधुम्न कुमार उर्फ गोलू पुत्र स्वर्गीय सरनाम सिंह निवासी आशा का पुर्वा बताया।
फफूंद इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़ा गया एक युवक जगपाल उर्फ मनीष शातिर अपराधी है 5 जनवरी 2014 को दिबियापुर थाना के गांव गहेसर में सुशील उर्फ भोला पुत्र अमर सिंह यादव की हत्या का आरोपी है। जिसका मुकदमा दिबियापुर थाना में पंजिकृत है। हत्या के मामले में इसको आजीवन कारावास की सजा हुई है। जिसमें यह जमानत पर चल रहा था।
-हत्या के मुकदमे में वांछित है पकड़ा गया अपराधी
अमर उजाला ब्यूरो