कुठौंद। शनिवार को डेढ़ माह की बच्ची का शव पानी के भरे टब में पड़ा देख घर में हड़कंप मच गया। पहले तो घरवालों ने मामले को हादसा मानकर बच्ची के शव को दफना दिया। लेकिन कुछ देर बाद ही बच्ची की मां ने जेठानी पर ही हत्या का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। रविवार को सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ संजय शर्मा कहना है कि बच्चे की मां ने जेठानी पर हत्या को आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। वहीं बच्ची का पिता आंध्र प्रदेश में प्राइवेट नौकरी करता है। उसके भी आने का इंतजार किया जा रहा है।
कुठौंद क्षेत्र के ग्राम सिहारी चेलापुर निवासी रूपेंद्र सिंह की पत्नी जलसा का आरोप है कि शनिवार की दोपहर वह अपनी डेढ़ माह की बच्ची अनामिका को कमरे में सोता छोड़कर बाजार गई थी। कुछ देर बाद वह लौटी तो देखा कि बच्ची का शव घर पर ही पानी से भरे टप में पड़ा था। यह देखकर उसकी चीख निकल पड़ी। जिससे आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। पहले तो घरवालों ने घटना को हादसा मानकर बच्ची के शव को दफना दिया।
लेकिन देर रात जलसा ने साथ में रहने वाली जेठानी सोमवती पत्नी पुष्पेंद्र पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और सुबह शव निकालने का आश्वासन देकर चली आई। पुलिस ने रविवार को दफनाई गई बच्ची के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिवार के करीबियों ने बताया कि जलसा की यह पहली बच्ची थी। जबकि सोमवती निसंतान है और देवरानी व जेठानी में बनती भी नहीं है।
सोमवती का कहना है कि उसे घटना की जानकारी नहीं थी। वह तो खुद शोरशराबा सुनकर अपने कमरे से निकली थी। सीओ का कहना है कि सोमवती के खिलाफ तहरीर मिल गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले में अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी का कहना है कि बच्ची की मां के आरोपों की जांच की जा रही है। बच्ची का टब तक पहुंचना भी संदेह के घेरे में है, इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ही महत्वपूर्ण होगी।