जालौन। नगर के झंडा चौराहे पर स्थित एक दुकान में खुदाई के दौरान धन मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
सोमवार को बाजार बंदी का दिन होने के कारण बाजार की दुकानें बंद थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि झंडा चौराहा स्थित एक पुरानी दुकान से कुछ लोग खुदाई कर धन निकाल कर ले गए हैं। यह खबर जंगल में आग की तरह पूरे नगर में फैल गई। कुछ ही देर में सैकड़ों की तादाद में लोग झंडा चौराहे पर पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झंडा चौराहे पर स्थित केशव, नवनीत व दीपक की काफी पुरानी दुकान हैं, जो काफी समय से बंद पड़ी थी। पिछले दो दिन से कुछ लोग दुकान में अंदर ही अंदर मशीन एवं औजारों से खुदाई कर रहे थे। सोमवार को बाजार बंदी का लाभ उठाकर वह अपना सामान व धन लेकर मौके से निकल गए।
वहीं, सूचना पर कोतवाली प्रभारी संजय कुमार गुप्ता भी मौके पर पहुंच गए। कोतवाल का कहना है कि धन का तो पता नहीं लेकिन मौके पर खुदाई के औजार जरूर मिले हैं। लिहाजा गंभीरता पूर्वक जांच पड़ताल की जा रही है।
सूचना पर पहुंची पुलिस, बरामद किए औजार
अमर उजाला ब्यूरो