दबंगों ने परिषदीय स्कूल में भरा भूसा
- कब्जे को लेकर एंटी भू माफिया पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई
अमर उजाला ब्यूरो
फफूंद (औरैया)। थाना क्षेत्र के नियामतपुर बिहारी गांव में पुराने परिषदीय स्कूल दबंगों ने कब्जा कर उसके कमरों में भूसा भर दिया। अब दबंग स्कूल की खाली पड़ी जमीन पर नींव खोदकर कब्जा कर रहे हैं। ग्रामीणों ने अवैध कब्जे को लेकर मुख्यमंत्री के एंटी भूमाफिया पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है ।
भाग्यनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत नियामतपुर बिहारी निवासी सुमित कुमार पुत्र गोरेलाल ने एसडीएम को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि गांव में एक पुराने परिषदीय स्कूल के कमरों में गांव के दबंग प्रवृत्ति के लोगों ने भूसा भर कर कब्जा कर लिया है। अब स्कूल की खाली पड़ी जमीन पर नींव खोदकर निर्माण कराने की तैयारी में है। मामले को लेकर एसडीएम ने शिकायती पत्र के आधार पर 9 जुलाई को थाना पुलिस को मौके पर भेजकर अवैध निर्माण रुकवाने के आदेश दिए थे। शिकायत करने पर प्रभारी एसओ ने लेखपाल की हड़ताल बताकर उसे टरका दिया। शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री के एंटी भूमाफिया पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।