दिबियापुर (औरैया)। रेडीमेड कपड़ों के व्यापारी का पांचवें दिन भी कोई सुराग नहीं लगा। इससे परिजन परेशान हैं। व्यापारी की पत्नी ने स्टेशन रोड निवासी एक सराफा व्यवसायी व उसके रिश्तेदार पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी ने व्यापारी का पता लगाने को चार टीमें गठित की हैं।
सहायल थाना क्षेत्र के ताजपुर छौंक गांव निवासी दिव्या ने रिपोर्ट में बताया उसका पति राजपाल उर्फ रिंकू की स्टेशन रोड पर रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। स्टेशन रोड पर ही राजा भइया ज्वैलर्स व उनके भांजे दीप से लेनदेन चलता था। आरोप लगाया कि उन लोगों ने एक मार्च को पति को धमकी दी कि अगर तीन मार्च तक पैसा नहीं दिया तो अपहरण कर तुम्हें जान से मार देंगे। तीन मार्च की रात जब उसने पति से बात की तो उन्होंने बताया कि दुकान बंद कर दी है। राजा भइया व दीप उसे धमकी दे रहे हैं। उसने पति से कहा कि तुम घर आ जाओ। वह घर नहीं पहुंचे और बाइक पंकज अग्निहोत्री की स्कार्पियो के पास खड़ी मिली। जब पंकज से पूछा तो उसका कहना था, उससे उनकी बात नहीं हुई है। पुलिस ने व्यापारी की पत्नी की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर पुलिस एक आरोपी को थाने में बैठाए हुए है। व्यापारी के लापता होने को लेकर नगर में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं । उधर, व्यापारी की तलाश में पुलिस कप्तान ने चार टीमें गठित की हैं। इसमें दिबियापुर इंस्पेक्टर संजीव सिंह, एसओजी व सर्विलांस टीम, थाने के उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस घटना को संदिध मान रही है। उधर, सर्विलांस टीम ने दिबियापुर थाने में घटना से संबंधित जानकारी प्राप्त की है। उसका कहना है कि जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
-लापता व्यापारी की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
-एक आरोपी को थाने में बैठाए है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो