अमर उजाला ब्यूरो
जालौन। नगर में एक अधेड़ की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। वह खेतों में भैंस चराने गया था। उसका शव एक खेत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधेड़ की मौत की वजह भैंस का हमला बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कालपी के मोहल्ला आलमपुर निवासी मनोज शुक्ला (45) पुत्र कृष्णकुमार शुक्ला मंगलवार की शाम नगर के बाहर खेतों में भैंस चराने गए थे। देर शाम करीब आठ बजे रेलवे लाइन के पास खेत में उनका शव मिला। राहगीरों ने खून से तरबतर शव देखा तो इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और परिजनों को सूचना दी।
जानकारी पाकर परिजन भी पहुंच गए। मनोज के पेट और हाथों में कई घाव थे। मौत की वजह भैंस का हमला करना बताई जा रही है, लेकिन इस बात से परिजन असंतुष्ट दिखे। हालांकि उन्होंने कोतवाली में किसी तरह की तहरीर नहीं दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध हालत में अधेड़ की मौत
कालपी के आलमपुर मोहल्ला का मामला
खेतों में भैंस चराने गया था अधेड़