जालौन। नगर के मुख्य बाजार में महिला के साथ 30 हजार की टप्पेबाजी हो गई। एटीएम से रुपये निकालने के बाद उसके बेटे ने बाइक की डिग्गी में रख दिए थे। इसी बीच किसी ने बाइक की डिग्गी से रुपये पार कर दिए। महिला ने कोतवाली में टप्पेबाजी की तहरीर दी है।
जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ऐदलपुर निवासी सुशीला विश्वकर्मा शनिवार को बेटे के साथ बाइक से जालौन आई थी। उन्होंने इलाहाबाद बैंक की मुख्य शाखा के बाहर लगे बैंक के एटीएम से 30 हजार रुपये निकाले। वह रुपये सुशीला के बेटे ने एक बैग में रख कर बाइक की डिग्गी में रख दिए।
दोनों वहां से निकलकर नगर के देवनगर चौराहा के पास आ गए। फिर बाजार में रुक कर कुछ खरीदारी करने लगे और बाइक एक दुकान के बाहर खड़ी कर दी। इसी बीच किसी ने बाइक की डिग्गी से 30 हजार रुपये पार कर दिए। खरीदारी कर सुशीला जब वापस लौटी तो डिग्गी खुली देखकर उसके होश उड़ गए।
वह दौड़ कर बाइक के पास गए, जहां डिग्गी से रुपये गायब थे। सुशीला ने आस पास पूछा लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उसने कोतवाली पहुंच कर अपने साथ हुई टप्पेबाजी की तहरीर दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
-एटीएम से निकाले थे रुपये, बाइक की डिग्गी से गायब
अमर उजाला ब्यूरो