अमर उजाला ब्यूरो
ककोर (औरैया)। दिबियापुर थाना क्षेत्र की एक किशोरी ने गांव के ही युवक पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। उसके विरोध करने पर युवक ने मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी दी है। जानकारी होने पर उसके पिता ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
एक गांव निवासी किशोरी और उसका पिता शनिवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। उसने बताया वह ईंट-भट्टे पर मजदूरी करता है। गुरुवार को वह काम पर गया था और उसकी पत्नी खेतों पर थी। बेटी घर में अकेली थी, तभी मौका पाकर मोहल्ले का ही एक युवक उनके घर में घुस आया। युवक ने बेटी के साथ छेड़छाड़ की। उसके विरोध करने पर पिटाई कर दी और रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी दी। किशोरी के शोर मचाने पर गांव के लोग आ गए। तब आरोपी धमकी देते हुए भाग गया। शाम को काम से लौटने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। दिबियापुर स्वास्थ्य केंद्र में बेटी का मेडिकल हो गया है, लेकिन थाने के चक्कर लगाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने एसपी से जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
- किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास
- विरोध करने पर पीटा, किशोरी के पिता ने एसपी से कार्रवाई की मांग की