कदौरा। गोकशी की सूचना पुलिस ने बागी गांव में दबिश दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी भाग निकले। जिस घर में गोकशी हो रही थी, वहां महिलाओं ने पुलिस को अंदर नहीं घुसने दिया। पुलिस ने घर के बाहर खड़ी एक कार व तीन बाइकें कब्जे में लेकर सीज कर दीं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
कदौरा थाना पुलिस को बुधवार की रात करीब एक बजे बागी गांव के ग्रामीणों ने गांव में गोकशी होने की सूचना दी। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के मैकूदीन के यहां गोवंश काटे जा रहे हैं। जानकारी पुख्ता होने पर थानाध्यक्ष अशोक उपाध्याय ने फोर्स के साथ गांव में दबिश दी।
पुलिस के गांव पहुंचते ही आरोपी घर के पीछे के दरवाजे से भाग निकले। पुलिस की जीप जैसे ही मैकूदीन के दरवाजे पर रुकी तो घर में मौजूद महिलाएं दरवाजे पर आकर खड़ी हो गईं। उन्होंने पुलिस को अंदर जाने से मना कर दिया। पुलिस ने घुसने का प्रयास किया तो महिलाएं उग्र हो गई, जिससे पुलिस बैकफुट पर हो गई।
इसके बाद पुलिस ने मैकूदीन के दरवाजे पर खड़ी एक आल्टो कार व तीन बाइकों को कब्जे में लेकर थाना ले आई। पुलिस ने कार व बाइकों को सीज कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
-कदौरा के बागी गांव में मिली थी गोकशी की सूचना
-दरवाजे पर खड़ी कार व तीन बाइकों को किया सीज
अमर उजाला ब्यूरो