फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्रामीण की हत्या कर शव हौज में डाला, कमर और पेट पर मिले चोट के निशान

Thu, 14 Dec 2017 11:44 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
ग्रामीण की मौत के बाद विलाप करते परिजन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
गांव रामपुर में लापता ग्रामीण की बुधवार रात हत्या कर शव को जंगल में ट्यूबवेल के हौज में डाल दिया गया। बृहस्पतिवार की सुबह ग्रामीण की हौज में अर्द्धनग्न अवस्था में शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीण का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
विज्ञापन


ग्रामीणों का कहना है कि बदमाशों ने कमर में गोली मारकर हत्या की है, जबकि पुलिस का मानना है कि मृतक के कमर, पेट पर मिले निशानों से ग्रामीण की मौत चोटें लगने से हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है। 

रतनपुर के गांव रामपुर निवासी सुनील सैनी (42) पुत्र सतपाल बुधवार शाम चार बजे घर से लापता हो गया था। रात में सुनील घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसे तलाश किया। देर रात तक तलाश करने पर भी परिजनों को सुनील का कोई पता नहीं लग पाया।
विज्ञापन


परिजनों ने रात में लापता होने की पुलिस को कोई सूचना भी नहीं दी थी। बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीणों को जंगल में सुनील का अर्द्घनग्न अवस्था में शव गांव के ही किसान आदेश पुत्र ओमप्रकाश की ट्यूबवेल के हौज में पड़ा मिला।

शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुनील का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीण एकत्र होकर ट्यूबवेल पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के कमर और पेट में गहरा निशान देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात बदमाशों ने सुनील की गोली मारकर हत्या कर दी और शव को ट्यूबवेल के हौज में डाल दिया। पुलिस को जांच-पड़ताल करने पर मृतक के हाथों में बिजली के तार का टुकड़ा भी मिला।

पुलिस का मानना है कि सुनील की मौत पेट और कमर में चोट लगने से हुई है। पुलिस ने शव को हौज से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर रतनपुरी गिरीशचंद्र त्यागी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

इंस्पेक्टर ने परिजनों व अन्य ग्रामीणों से पूछताछ की। मृतक के बड़े भाई सुरेश ने भी पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके भाई की अज्ञात लोगों द्वारा हत्या की गई है। हत्या पेट और कमर में चोट मारकर की गई है। इंस्पेक्टर का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारण का सही पता चल सकेगा। 

परिवार के सदस्यों पर गम का पहाड़ टूटा
मृतक सुनील तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसका एक बड़ा भाई सुरेश और छोटा भाई अनिल है। मृतक की पत्नी विमला और तीन बेटे अनुज, आशु और विकास का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक खेती करता था। परिजनों ने किसी भी प्रकार की रंजिश से इंकार किया है। गांव में भी सुनील की मौत से ग्रामीणों में शोक व्याप्त है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें