कदौरा। गांव हरचनपुर निवासी धर्म सिंह के तीन वर्षीय बेटे युग की हत्या के मामले में पूर्व प्रधान का आरोपी बेटा अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। आरोपी गुड्डू को पकड़ने के लिए पुलिस की दो टीमें दबिश दे रहीं हैं। थानाध्यक्ष आनंद कुमार का कहना है कि नाते रिश्तेदारों के घरों पर भी गुड्डू की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
बता दें कि दो दिन से लापता युग का शव घर के पास ही तालाब किनारे मिला था। इसके बाद परिजनों ने गुड्डू के खिलाफ अपहरण व हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही गुड्डू का कुछ पता नहीं चल रहा है। इधर धर्म सिंह के घर पर मातम सा छाया हुआ है।
युग की मां बार-बार बेटे का नाम लेकर बदहवास सी हो जाती है। गुड्डू की तलाश के लिए पुलिस ने उसके दो-तीन साथियों को भी उठाया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपी का मोबाइल नंबर भी सर्विलांस पर लेकर उसकी लोकेशन पता की जा रही है।
थानाध्यक्ष के मुताबिक जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा। इसके बाद हत्या की वजह भी सामने आ जाएगी। बताते चलें कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युग की मौत का कारण डूबना आया था। इसके बाद गुड्डू के परिजनों ने भी बेटे को बेवजह फंसाए जाने की बात कही थी।
सर्विलांस की मदद ले रहे, नाते रिश्तेदारों के घर भी दबिश
अमर उजाला ब्यूरो