औरैया। सदर कोतवाली के ग्राम भगौतीपुर सरैया में दोपहर में मारपीट होने के बाद देर शाम युवक को जबरन कार में डालने के मामले में पुलिस ने छह नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बुधवार देर रात दो आरोपियों को पुलिस पहले ही पकड़ चुकी है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं।
ग्राम भगौतीपुर सरैया निवासी दिनेश यादव पुत्र रघुपाल सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह अपने दरवाजे पर दोपहर को खड़ा था। उसी दौरान जितेंद्र कुमार पुत्र अमर सिंह निवासी सरैया, विवेक निवासी चकरनगर इटावा, मनीष पाठक पुत्र जयप्रकाश निवासी भाऊपुर, आशू चौहान निवासी बघकटरा, शिवम सेंगर पुत्र कुंदन सिंह निवासी सरैया व सुमित पुत्र मजबूत सिंह व दो अज्ञात लोगों ने पास से तेज रफ्तार में कार निकाली। इसको लेकर कहासुनी हो गई थी।
इसी बात से नाराज सभी रात आठ बजे आए और उसको जबरन कार में डालकर साथ ले जाने लगे। रास्ते में उनके साथ मारपीट होते देख गांव के कुछ लोगों ने कार पर पथराव कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिवम व जितेंद्र को पकड़ लिया था। जबकि अन्य भाग निकले थे। कोतवाल संजय कुमार पांडेय ने बताया कि घटनास्थल पर ही जितेंद्र व शिवम को पकड़ लिया गया था। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।