अयाना (औरैया)। छिदामीपुर गांव में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि हत्या के दिन पत्नी को पहले नशे की गोलियां खिलाई। इसके बाद साली के साथ मिलकर गला घोंट दिया। पुलिस अब घटना में शामिल साली की तलाश कर रही है।
एक जनवरी को छिदामीपुर गांव में प्रेम प्रसंग के चलते नरेंद्र पाल ने अपनी साली रजनी के साथ मिलकर पत्नी सुषमा देवी की हत्या कर दी थी। इस मामले में सुषमा देवी के पिता श्रीचंद्र ने दामाद नरेंद्र पाल व अपनी छोटी बेटी रजनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। हत्या के पीछे उन्होंने अवैध संबंध होने का जिक्र किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर इसी दिशा में जांच शुरू की। मंगलवार सुबह थाना निरीक्षक श्रीकेश भारती ने मुढ़ी हुलासराय नहर पुल के पास नरेंद्र पाल को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में उसके पास 3900 रुपये व एक मोबाइल बरामद हुआ। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सुषमा देवी के घर से हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा व नींद की गोलियां बरामद की। पुलिस हिरासत में आरोपी पति ने हत्या करना स्वीकार किया।
उसने बताया कि ससुर के कीर्तन सुनने जाने के बाद उसने पत्नी को खाने में नशे की तीन गोलियां मिला दी थी। उसके बाद मारपीट की, गोलियों का असर होते ही उसने साली के साथ मिलकर दुपट्टे से सुषमा का गला घोंट दिया। थाना प्रभारी श्रीकेश भारती ने बताया कि हत्या में शामिल रजनी की तलाश की जा रही है, पुलिस जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर उसे भी जेल भेजेगी।