हाइवे पर बढ़ती लूट की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस गंभीर है। सुरक्षा के लिहाज से 40 किलोमीटर के हाइवे को चार जोन में विभाजित किया गया है।
हाइवे पर क्राइम कंट्रोल का जिम्मा अजीतमल व औरैया सीओ को सौंपा गया है। यह टीमें दिन और रात हाइवे के राहगीरों की सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहेंगी। साथ ही टीमों को प्रतिदिन एसपी कार्यालय रिपोर्ट करनी होगी।
नेशनल हाइवे पर बढ़ती आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए तैयारी तेज हो गई हैं। क्राइम कंट्रोल को एसपी मनोज तिवारी ने हाइवे को चार जोन बांट दिया है।
पहला जोन कानपुर देहात की सीमा से औरैया नगर तक बनाया गया है। दूसरा औरैया नगर से हाइवे रोड ग्राम करमपुर तक बनाया है। पहले व दूसरे जोन की जिम्मेदारी सीओ सिटी शिवराज सिंह को सौंपी गई है।
वहीं करमपुर से अजीतमल कस्बे को तीसरा तथा अजीतमल से इटावा जनपद की सीमा तक को चौथा जोन होगा। तीसरे तथा चौथे जोन की जिम्मेदारी सीओ अजीतमल को सौंपी है।
वहीं जोन वार सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए हैं। जोन एक व दो के अप व डाउन ट्रैक पर दो-दो चीता मोबाइल पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। और तीन तथा चार के अप व डाउन ट्रैक पर एक-एक कोबरा पुलिसकर्मी मुस्तैद किए गए हैं।
इसके साथ ही थाना पुलिस की नौ टीमें बनाई गई हैं, जो दिन व रात में हाइवे के राहगीरों की सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहेंगी। संदिग्ध परिस्थितियों में हाइवे से गुजरने वाले कार सवार व बाइक सवारों से पूछताछ की जाएगी।
बज्र वाहन की तर्ज पर तैनात होगी दो गाड़ियां- औरैया। सीओ सदर शिवराज सिंह ने बताया कि हाइवे पर क्राइम कंट्रोल के लिए बज्र वाहन की तर्ज पर दो गाड़ियां तैनात की जाएंगी, जो हाइवे की सुरक्षा के लिए ही होगी।
इन गाड़ियों में हथियारलैस आधा दर्जन पुलिसकर्मी होंगे। अगर किसी प्रकार की कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी उन्हीं की होगी।
हाइवे पर क्राइम कंट्रोल के लिए पुलिस पूरी तरह से प्रयास कर रही है। बढ़ती वारदातों को देखते हुए हाइवे को चार जोनोें में विभाजित किया गया है, इससे आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।- मनोज तिवारी
एसपी।