फोटो-07एयूआरपी-44 लक्ष्य की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : AURAIYA
फफूंद (औरैया)। दुकान के बाहर बैठे माता-पिता के सामने खेल रहे बच्चे को भूसा लदे ट्रैक्टर ने कुचल दिया। मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। माता-पिता इकलौते संतान की मौत से बदहवास हो गए। चालक और उसका एक साथी ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर भाग गए। ग्रामीणों ने चालक के दूसरे साथी को कुछ दूर पकड़ लिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने भेज दिया।
मिरगांवा निवासी किशन मुरारी कस्बे के अछल्दा रोड पर किराए पर कॉस्मेटिक की दुकान किए हैं। पत्नी खुशबू ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। शाम को दंपती दुकान के बाहर बैठे थे। इनका इकलौता बेटा लक्ष्य (4) उनके सामने खेल रहा था। इसी दौरान अछल्दा से फफूंद की तरफ जा रहे भूसा लदे ट्रैक्टर-ट्राली ने बच्चे को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर लेकर भागने के प्रयास में ट्रैक्टर ाि पिछला पहिया बच्चे के सिर के ऊपर से गुजर गया, इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। आंखों के सामने बेटे की मौत से माता-पिता बदहवाश से हो गए। चालक और उसक दो साथी ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर भागने लगे।
ग्रामीणों ने चालक के एक साथी को बुखारी साहब की दरगाह के पास से पकड़ लिया, जबकि चालक और उसका एक साथी भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और ट्रैक्टर-ट्राली को थाने में खड़ा करा दिया। पुलिस चालक और उसके साथी की तलाश कर रही है। फफूंद थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली पुलिस के कब्जे में है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
कस्बे की सड़कों पर स्पीड ब्रेकर न होने की वजह से लोग आए दिन वाहनों के चपेट में आकर घायल हो जाते है। मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्राली, डंपर व ट्रक समेत अन्य वाहन तेज गति से निकलते है। कस्बे के लोगों का कहना है कि कई बार मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनवाएं जाने की मांग की गई। मगर, किसी भी अधिकारी आज तक ध्यान नहीं दिया। अगर आज ट्रैक्टर-ट्राली की गति धीमी होती तो मासूम लक्ष्य सुरक्षित माता-पिता के साथ खेल रहा होता।