कंचौसी(औरया)। कस्बे के मानस इंटर कॉलेज में शुक्रवार को दो छात्रों के बीच हुए विवाद में एक पक्ष की तरफ से कुछ ग्रामीण अंदर घुस गए। उन्होंने दूसरे छात्र को जमकर पीट दिया। इससे वह घायल हो गया। प्रधानाचार्य ने दिबियापुर थाने में आरोपी छात्र व ग्रामीणों के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने हमलावरों पर कार्रवाई नहीं होने तक कॉलेज बंद रखने की बात कही है।
कस्बा के इंटर कॉलेज में कक्षा 11वीं के छात्रों के बीच आपसी कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। इस पर एक छात्र ने विनपुरापुर, बिहारीपुर और अजब का पुरवा से कुछ साथियों और ग्रामीणों को बुला लिया। कॉलेज के शिक्षक कुछ समझ पाते तब तक अंदर घुसे हमलावरों ने हिमांशू की पिटाई शुरू कर दी। इससे उसे गंभीर चोट आई है।
प्रधानाचार्य उपेंद्र शास्त्री ने बताया कि घायल छात्र को दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है। कॉलेज में घुसकर गांव के लोगों द्वारा मारपीट करने की शिकायत प्रधानाचार्य ने दिबियापुर थाने में की है। सूचना पर पहुंची पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी रही। देर शाम तक मामले में किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते प्रधानाचार्य ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक कॉलेज बंद रखने की बात कही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।