अछल्दा (औरैया)। कस्बे में सोमवार रात घर में अकेली युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजन जब घर वापस लौटे तो युवती को फंदे पर झूलता पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कस्बे के हारीगंज बाजार के शिवपुरी मोहल्ला निवासी जुगुल किशोर तिवारी की पुत्री रुचि (19) घर में अकेली थी। वह सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे घर के अंदर कमरे में छत पर लगे पंखे में स्टॉल से गले में फंदा बनाकर झूल गई।
जिससे उसकी मौत हो गई। उसकी मां श्रीकांती पड़ोसी प्रसूता के साथ उसे अस्पताल दिखाने गई थी। जब वह वापस लौटी तो पुत्री को फंदे पर झूलता पाया। यह देख मां जोर-जोर से शोर मचाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फंदे से युवती के शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थानाध्यक्ष तारिक खान ने बताया कि मृतका के पिता और भाई दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। गांव में मृतका अपनी मां के साथ रहती थी। घटना के पीछे अभी कोई कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा।