फफूंद (औरैया)। औरैया-फफूंद मार्ग पर गांव अजलापुर मोड़ के पास सड़क किनारे लावारिस हालत में बच्ची मिली। बच्ची की उम्र लगभग तीन साल बताई जा रही है। देरशाम तक पुलिस बच्ची के अभिभावकों का पता नहीं लगा सकी है।
रविवार सुबह फफूंद औरैया मार्ग पर टहल रहे लोगों ने गांव अजलापुर मोड़ के पास एक बच्ची के रोने की आवाज सुनी। आवाज आने वाली दिशा में पहुंचे लोगों ने एक बच्ची को रोते देख इसकी जानकारी थाना पुलिस को दी। इधर, बच्ची के मिलने की जानकारी पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर बच्ची के बारे में जानकारी करने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। थानाध्यक्ष ने बताया कि बच्ची की डॉक्टरी परीक्षण कराने के बाद उसे महिला कांस्टेबल ममता को दिया गया है। बच्ची के परिजनों की तलाश की जा रही है।