कंचौसी (औरैया)। रूरा- सैफई लिंक नहर मार्ग पर अमरपुर गांव के पास सड़क किनारे झाड़ियों में मंगलवार को आवास विकास परिषद इटावा के कर्मचारी का शव मिला। जेब में मिले आई कार्ड के आधार पर उसकी पहचान कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र के गांव सरैया निवासी बाल किशन सविता के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना भेज दी है। युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मंगलवार को अमरपुर गांव के पास झाड़ियों में राहगीरों ने एक युवक को घायल अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी। चौकी इंचार्ज राम प्रकाश फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को झाड़ियों से बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
छानबीन के दौरान पुलिस को शव से करीब एक किमी दूर हरतौली गांव के पास सड़क किनारे झाड़ियों में एक क्षतिग्रस्त बजाज बाइक मिली। कपड़ों से पुलिस को ड्राइविंग लाइसेंस और एक सर्विस कार्ड मिला, जिससे उसकी पहचान रूरा थाना क्षेत्र के गांव सरैया निवासी बाल किशन सविता के रूप में हुई।
यह आवास विकास परिषद इटावा में माली के पद पर कार्यरत था। शिनाख्त के बाद पुलिस ने इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजनों ने बताया कि बाल किशन औरैया में शादी समारोह में शामिल होने आया था। पुलिस के मुताबिक युवक की मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।