औरैया। कोतवाली क्षेत्र के क्योंटरा गांव से छह दिन पहले अपहृत बालिका का शव बुधवार को औरैया-कानपुर सीमा के गांव शिवरा के जंगल में पानी भरे गड्ढे में मिला। पिता ने हत्या कर शव जंगल में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर, जिले के दौरे पर आए एडीजी ने एसपी के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर घटना की जानकारी ली। साथ ही पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के आदेश दिए।
क्योंटरा गांव निवासी गोविंद बाबू दोहरे की पुत्री आरुषि (7) का 13 नवंबर की रात अपहरण हो गया था। पुलिस में इसकी रिपोर्ट भी दर्ज है। घटना के छठवें दिन बुधवार को आरुषि का शव गांव शिवरा के जंगल में पानी भरे गड्ढे में मिला। चरवाहों से जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव कई दिन पुराना होने से फूल गया था। शरीर के ज्यादातर कपड़े भी दूर पड़े थे। पिता गोविंद बाबू ने कहा कि किसी ने उसकी पुत्री की हत्या कर शव को जंगल में फेंका गया है।
उधर, घटना की जानकारी होते ही एडीजी जेएन सिंह ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर आरुषि के परिजनों से घटना की जानकारी ली। साथ ही पुलिस को जल्द से जल्द खुलासा करने के आदेश दिए। सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव ने बताया कि समय अधिक होने के कारण अब गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।