औरैया। शहर में संजय गेट के पास संचालित एक जनसेवा केंद्र के संचालक को रेलवे की वैध आईडी के बिना टिकट बनाने के आरोप में आरपीएफ ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने मौके से लैपटॉप, मोबाइल व अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।
मंगलवार की दोपहर तकरीबन डेढ़ बजे फफूंद आरपीएफ ने संजय गेट के पास जनसेवा केंद्र पर छापा मारा। मौके पर मिले सनी दीक्षित नाम के युवक को हिरासत में ले लिया।
इस संबंध में आरपीएफ रूरूा चौकी एसआई गोपाल सिंह ने बताया कि आईआरसीटी दिल्ली से उन्हें सूचना दी गई थी कि औरैया में सनी दीक्षित नाम की ई-मेल आईडी से 2018 से अब तक बिना वैध आईडी के लगभग 200 रेलवे टिकट बनाए गए हैं। आरपीएफ फफूंद के साथ जनसेवा केंद्र औरैया पर छापा मारा है। रेलवे की ओर से सनी दीक्षित की आईडी से जारी किए गए रेलवे टिकट का पूरा ब्यौरा भी उपलब्ध है।
छापे के दौरान केंद्र पर मौजूद लैपटॉप व आईडी मिली है, जिससे लगभग 200 रेलवे टिकट बनाए गए हैं। इस बीच पुलिस ने दुकान में रखे लैपटॉप, मोबाइल, प्रिंटर व अन्य दस्तावेज भी अपने साथ ले गई है।