अछल्दा (औरैया)। छछूंद -घसारा मार्ग पर मंगलवार की रात आयुर्वेदिक दवा की सप्लाई कर लौट रहे दो युवकों को बाइक सवार तीन बदमाशों ने मारपीट कर 16 हजार नगदी, मोबाइल व अन्य सामान आदि लूट लिया। पीड़ित युवकों ने अछल्दा थाने में वारदात की तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। मामला आपसी लेनदेन का लग रहा है।
हरीगंज बाजार में आईएमसी आयुर्वेदिक दवाओं का स्टोर है। आशीष पुत्र कोमल सिंह यादव निवासी द्वारिका की मड़ैया और बंटू पुत्र स्वदेश कुमार निवासी हनुमंतपुर थाना अछल्दा दुकानों पर आयुर्वेदिक दवाओं की सप्लाई करते है। मंगलवार की रात दुकानों पर दवाएं देने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। छछूंद -घसारा मार्ग पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया।
लाठी-डंडों से मारपीट कर लेजर मशीन, लैपटॉप, मोबाइल, सोलह हजार नगद समेत कीमती सामान लूट ले गए। पीड़ितों ने उनमें से एक युवक को पहचान लेने का दावा किया है। घटना के बाद पीड़ित थाना अछल्दा पहुंचे और घटना की जानकारी दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी हत्थे नहीं चढ़े। थानाध्यक्ष तारिक खान ने बताया कि यह आपसी लेनदेन का मामला प्रतीत हो रहा है। जांच की जा रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।