औरैया/ककोर। दिबियापुर थाना क्षेत्र के गांव हरी का पुरवा में शनिवार की शाम गोली मारकर एक युवक को घायल करने के आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घर के अंदर बेड के बाक्स में छिपा था। घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला।
गांव हरी का पुरवा में शनिवार की शाम जुआं के फड़ पर तीस रुपये के विवाद में गांव निवासी कल्लू उर्फ योगेश व अंशुल में कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर कल्लू उर्फ योगेश ने तमंचे से अंशुल पर फायर झोंक दिया। गोली लगने से अंशुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
शिनिवार की रात में घायल अंशुल के चाचा राजकिशोर की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। आरोपी की सरगर्मी से तलाश हो रही थी। सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव ने बताया कि आरोपी युवक के परिजनों की गतिविधियों से कुछ शक हुआ। इस पर उसके घर के अंदर तलाशी शुरू कराई गई। आरोपी कल्लू उर्फ योगेश पुत्र रामप्रसाद को घर के कमरे में अंदर रखे बेड के बॉक्स से गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही गोली मारने में प्रयुक्त तमंचे की भी तलाश की जा रही है।