कंचौसी (औरैया)। नगर के बान बाजार रेलवे क्रॉसिंग के पास रहने वाला मुन्नू बुधवार की रात शराब पीकर घर पहुंचा। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए, जहां मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने चौकी में शव रखकर हंगामा किया। पत्नी ने जेठ और पड़ोसी पर शराब में जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुन्नू बुधवार को नहर बाजार से शराब पीकर घर आया। थोड़ी देर में उलझन होने पर परिजन निजी डॉक्टर के पास ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने कंचौसी पुलिस चौकी में शव रख कर हंगामा शुरू कर दिया। मुन्नू की पत्नी संध्या का आरोप है कि जेठ इंद्रपाल उसकी पत्नी और पड़ोसी ने शराब में जहर देकर पति की हत्या की है।
कंचौसी से दो किलोमीटर दूर गांव जिसटामऊ में एक एकड़ जमीन आरोपी हड़पना चाहते हैं। चौकी पर हंगामे की सूचना पाकर मंगलपुर थाना प्रभारी आमोद कुमार व सीओ डेरापुर रामकृष्ण मिश्रा मौके पर पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी और सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन देकर मामला शांत किया। अभी परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुन्नू की मौत का कारण पता चल सकेगा।