औरैया। सदर कोतवाली पुलिस ने रविवार को जालौन चौराहा ओवरब्रिज के नीचे से तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से तीन मोबाइल व एक बाइक बरामद की। तीनों ने मोबाइल लूट की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। पकड़े गए लुटेरों में एक सूरत में हीरे की लैब में हीरा काटने वाले कारीगर भी है। लॉकडाउन के दौरान वह सूरत से घर आया था। बेरोजगारी के चलते वह लुटेरों के संपर्क में आकर लुटेरा बन गया। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है।
सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव ने बताया कि छह जून को प्रदीप कुमार पुत्र चंद्र प्रकाश अरुण निवासी मोहल्ला बनारसीदास ने तहरीर दी थी। तहरीर में कहा था कि 28 मई को फायर स्टेशन के सामने कचहरी रोड पर अपाचे बाइक सवार अज्ञात बदमाश उसका मोबाइल लूट ले गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। सीओ सिटी ने बताया कि रविवार को एसआई बलवीर सिंह टीम के साथ जालौन चौराहा ओवरब्रिज के नीचे वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक बाइक पर निकले तीन सवारों को रोकने का प्रयास किया। इस पर तीनों भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी तक तीनों को धर दबोचा। तीनों के कब्जे से बाइक के अलावा एक-एक मोबाइल बरामद हुआ।
पूछताछ में पकड़े गए तीनों लुटेरों अरविंद कुमार पुत्र धनीराम निवासी सराय इमलिया कोतवाली अजीतमल, निखिल कुमार पुत्र ओमकार निवासी सब्जी मंडी मार्केट बाबरपुर अजीतमल व अजय कुमार पुत्र भोला सिंह निवासी रामनगर थाना अजीतमल ने मोबाइल लूट की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पकड़े गए आरोपियों में अरविंद कुमार ने बताया कि वह सूरत में हीरे की लैब में हीरा काटने का काम करता था। लॉकडाउन के दौरान लैब बंद होने के कारण वह 29 मार्च को घर आ गया। यहां बेरोजगारी होने और रुपयों की जरूरत पड़ने के चलते वह कुछ गलत लोगों के संपर्क में आ गया और फिर मोबाइल लूटने लगा। बताया कि यह उसकी पहली लूट थी। लेकिन वह पकड़ा गया।