दिबियापुर (औरैया)। छह महीने पहले यौन शोषण से परेशान होकर छात्रा के आत्महत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी स्कूल प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा के पिता ने स्कूल प्रबंधक समेत तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
दिबियापुर थाने के इंस्पेक्टर विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि 4 नवंबर को ग्यारहवीं कक्षा की 15 वर्षीय छात्रा ने फफूंद रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली थी। उस समय छात्रा के गर्भवती होने की बात सामने आई थी।
इस मामले में छात्रा के कानपुर देहात निवासी पिता ने 14 जनवरी को न्यायालय के आदेश पर स्कूल के प्रबंधक गोविंद उर्फ प्रभू पुत्र राम सिंह पाल, प्रधानाचार्य विजयकांत शर्मा, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अनीत कुमार पुत्र लाल बहादुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इंस्पेक्टर के अनुसार मामले की जांच में पता चला कि स्कूल प्रबंधक गोविंद उर्फ प्रभु (30) निवासी बेला रोड दिबियापुर स्कूल में छात्रा का यौन शोषण करता था। इसी के चलते छात्रा गर्भवती हुई थी। आरोपी प्रबंधक को उसके घर के सामने से गिरफ्तार किया गया। आरोपी शादीशुदा है। उसके एक बेटी भी है।
मालूम हो कि 4 नवंबर को हुई घटना के बाद छात्रा के शव को जीआरपी चौकी फफूंद इंचार्ज अवधेश पाठक की मौजूदगी में गेंती से रेलवे ट्रैक से हटाया गया था। इसलिए यह मामला चर्चा में आया था। इस मामले में जीआरपी चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया गया था।