दिबियापुर (औरैया)। दिबियापुर थाने में तैनात महिला कांस्टेबल का मकान मालिक से किराये को लेकर विवाद ने सोमवार की रात को तूल पकड़ लिया। थाने के गेट पर दोनों पक्षों में कहासुनी व मारपीट हुई। पुलिस ने महिला कांस्टेबल के पति समेत दोनों पक्षों के पांच लोगों पर शांति भंग की कार्रवाई की है। वहीं, यह घटना सोशल मीडिया पर भी वायरल होती रही।
सोमवार की रात तकरीबन 8 बजे दिबियापुर थाने के गेट पर थाने में तैनात महिला कांस्टेबल नीतू एवं उसके पति शिवम यादव पुत्र कैलाश यादव निवासी सेंट्रल बैंक वाली गली दिबियापुर का वीरेंद्र सिंह पुत्र बादशाह निवासी सेंट्रल बैंक वाली गली दिबियापुर एवं उनके तीन साथियों के साथ नोकझोंक हुई। मामला मारपीट तक पहुंच गया। शोरगुल सुनकर थाने की पुलिस बाहर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई।
मामला पुलिस से जुड़ा होने के कारण रात में ही सीओ सुरेंद्र नाथ पहुंचे। महिला कांस्टेबल नीतू के पति शिवम यादव एवं दूसरे पक्ष के वीरेंद्र सिंह, आकाश पांडेय, अभिषेक दीक्षित, आदर्श तिवारी को शांति भंग में पाबंद कर दिया गया।
सोमवार की शाम हुई घटना के बाद दो अलग-अलग पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होती रहं। एक ओर महिला कांस्टेबल के साथ युवकों द्वारा अभद्रता किए जाने की पोस्ट वायरल हुई। दूसरी ओर एक अन्य पोस्ट में महिला सिपाही की दबंगई, किराए के पैसे न देकर उल्टा थाने बुलवाकर मकान मालिक को पीटा, पोस्ट वायरल होती रही। पोस्ट में कहा गया कि पुलिस कस्टडी में मकान मालिक एवं भाजपा नेता के भतीजे को पीटा गया।