औरैया। लॉकडाउन के दौरान सड़कों पर बिना वजह घूमने वालों पर रोक लगाने के लिए एएसपी कमलेश दीक्षित ने मंगलवार को फोर्स के साथ रूट मार्च किया। इस दौरान बेवजह चहलकदमी करते मिले पांच लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। वहीं, निर्धारित समय से पहले खुली दुकानें देख एएसपी ने सख्ती से उनको बंद कराया।
एएसपी कमलेश दीक्षित ने मंगलवार को सुबह लगभग 7:30 बजे शहर के दिबियापुर रोड, कानपुर रोड, खानपुर रोड, गुमटी मोहाल, सदर बाजार होमगंज में सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव व इंस्पेक्टर कोतवाली की मौजूदगी में फोर्स के साथ रूट मार्च किया।
दिबियापुर रोड पर रूट मार्च के दौरान मुख्य मार्गों पर दुकानें खुलने के निर्धारित समय सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक का उल्लंघन कर सुबह साढ़े सात बजे से ही दुकानें खुली पाए जाने पर दुकानों को बंद कराया। उन्होंने रोड पर चहलकदमी कर रहे कांशीराम कालोनी के पांच लोगों को हिरासत में लेने के आदेश दिए। पुलिस ने उन्हें पकड़कर कोतवाली पहुंचाया। वहां उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।