अयाना (औरैया)। गांव छोटी गूंज में उधारी के पैसे का तगादा करने पर दबंगों ने घर में घुसकर मारपीट की। इस झगड़े में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर घायलों को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेजा। चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एक के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
गांव छोटी गूंज निवासी रामपाल सिंह पुत्र गुलजारी लाल ने अयाना थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि उसकी मीट की दुकान है। ततारपुर निवासी गुसाई पुत्र राजू सिंह उससे मीट उधार ले गया था। उसने उधार चुकाने को कहा तो गुसाई पुत्र राजू सिंह, रामू पुत्र गुड्डू, रेनू पुत्र मलखान सिंह व मंगल सिंह पुत्र भूरे सिंह लाठी-डंडों से लैस होकर उसके घर में घुस आए और उसके साथ मारपीट करने लगे। चीख पुकार सुनकर आए लाखन सिंह पुत्र बालक ने उसे बचाने का प्रयास किया तो उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया। शोर मचाने पर मौके पर ग्रामीणों के पहुंचने पर हमलावर भाग गए।
उधर, थाना प्रभारी गया प्रसाद वर्मा ने बताया कि घायलों की तहरीर पर गुसाई पुत्र राजू सिंह, रामू पुत्र गुड्डू, रेनू पुत्र मलखान सिंह, मंगल सिंह पुत्र भूरे सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दोनों घायलों को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेजा गया है। एक युवक गुसाई के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।