अछल्दा (औरैया)। कस्बा स्थित रेलवे क्रासिंग के पास गली में बनी मार्केट के बरामदे में गुरुवार की सुबह एक महिला मृत मिली। पास में ही उसका मासूम बच्चा रोता हुआ मिला। महिला की शिनाख्त फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के बिलालपुर गांव निवासी प्रेमा देवी (35) पत्नी कमलेश के रूप में हुई। पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रेलवे क्रासिंग के पास गली में बनी दुकानों के बरामदे में गुरुवार की सुबह सफाई कर्मचारी झाड़ू लगाने पहुंचा तो वहां एक महिला मृत अवस्था में पड़ी थी। पास ही उसका मासूम बच्चा रो रहा था। इस पर सफाई कर्मचारी ने मोहल्ले को लोगों को यह जानकारी दी। इस बीच महिला के मायके वाले भी पहुंच गए और उसकी पहचान की।
महिला के भाई ने सुनील कुमार ने बताया कि प्रेमा देवी का मायका अछल्दा के गांव रामपुर कुंअर में है और ससुराल फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के बिलालपुर गांव में है। बीस वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। प्रेमा देवी पति कमलेश से अनबन होने पर कुछ दिन से अपने मायके अछल्दा के गांव रामपुर कुंअर में आकर रह रही थी।
भाई सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि मृतका प्रेमा के तीन बेटी पूजा, रेनू और तनु है और एक डेेढ़ वर्ष का बेटा कृष्णा है। मायके से बुधवार की रात बिना किसी को बताए वह निकल आई थी। उधर, महिला के साथ मिले मासूम बच्चे को मायके वाले अपने साथ ले गए।