सहायल (औरैया)। सोशल मीडिया पर क्रिकेटर विराट कोहली पर टिप्पणी करना युवक को महंगा पड़ गया। इससे आक्रोशित 12 से ज्यादा युवकों ने बुधवार को सहायल थाने से कुछ दूरी पर टिप्पणी करने वाले युवक को जमकर पीटा।
पीड़ित घटना की जानकारी देने थाने पहुंचा तो पुलिस ने उसे बैठा लिया। उधर, थाना प्रभारी ने घटना के बाबत किसी तरह की तहरीर न मिलने की बात कही है।
कस्बा निवासी सौरभ पुत्र अजय ने बुधवार को सोशल मीडिया पर क्रिकेटर विराट कोहली को लेकर मजाकिया टिप्पणी की। इसके बाद दिबियापुर से आए हथियार से लैस 12 से अधिक अज्ञात युवकों ने थाने से कुछ दूर सहायल बाजार में सौरभ को घेरकर जमकर पीटा।
पीड़ित युवक ने थाने पहुंचकर घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित को ही थाने में बैठा लिया। वहीं, घटना की जानकारी करने पहुंचे एक पत्रकार से पुलिस ने अभद्रता की। थानाध्यक्ष पप्पू सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर नहीं मिली है।